अन्तर्जातीय प्रेम विवाह का विरोध; युवक के घर धावा मारपीट व चोरी, सात पर एफआईआर
वलीदपुर (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के पडेरूआ गांव निवासी एक युवक को अंतर्राज्यीय प्रेम विवाह करना भारी पड़ गया। विवाह से नाराज़ युवती के परिजनों व रिश्तेदारों ने युवक के घर में घुसकर न सिर्फ मारपीट की, बल्कि तोड़फोड़ कर नगदी व आभूषण भी उड़ा ले गए। पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली, जिसके आदेश पर दो महिलाओं समेत सात आरोपियों के खिलाफ बुधवार को मुकदमा दर्ज किया गया है।
दर्ज प्राथमिकी में पडेरूआ गांव निवासी रवि प्रकाश गोंड द्वारा बताया गया है कि उसने कोतवाली क्षेत्र के बनियापार गांव की रंजना से प्रेम विवाह किया है, जिससे ससुराल पक्ष नाराज़ चल रहा था। आरोप है कि एक नवंबर को बनियापार निवासी कन्हैया विश्वकर्मा, धर्मेंद्र, अरविंद, रानीपुर थाना क्षेत्र के सोनीसा गांव निवासी मन्नू विश्वकर्मा तथा सुजाता, आशीष और पडेरूआ निवासी अनीता विश्वकर्मा उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर उसे पीटा गया।
घटना के समय पत्नी घर पर नहीं थी। आरोपियों ने घर का सामान तोड़ दिया और आलमारी तोड़कर 10 हजार रुपये नकद व उसकी मां के सोने के मंगलसूत्र, मांगटीका और अंगूठी निकाल ले गए। जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर मामला दर्ज हुआ। पुलिस केस दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई है।


Post a Comment