नहीं रहे जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक इंद्रदेव सिंह
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के दरौरा स्थित जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक तथा शमशाबाद गांव के वरिष्ठ व सम्मानित नागरिक इंद्रदेव सिंह का बुधवार पूर्वाह्न लखनऊ के नोवा हॉस्पिटल में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही करहां क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई।
सादगी, अनुशासन और सहज व्यवहार के लिए पहचाने जाने वाले इंद्रदेव सिंह ने अपना जीवन शिक्षा और समाज सेवा को समर्पित कर दिया था। जे.के. मेमोरियल पब्लिक स्कूल की स्थापना व संचालन के माध्यम से उन्होंने क्षेत्र के असंख्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी। सामाजिक सरोकारों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही, जिसके चलते वे हर वर्ग में आदर और विश्वास के पात्र बने।
क्षेत्रवासियों ने उनके निधन को शिक्षा जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। लोगों का कहना है कि मिलनसार स्वभाव और हर किसी के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले इंद्रदेव सिंह की कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। शमशाबाद स्थित उनके पैतृक आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का लगातार तांता लगा हुआ है। जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, अभिभावकों व ग्रामीणों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार अपराह्न काशी के मणिकर्णिका घाट पर किया जाएगा।





Post a Comment