द्वादशाक्षर मंत्र की साधना से मिलती है परमात्मा की शरणागति : स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना के नारायणपुरम सिगाड़ी में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के द्वितीय दिवस पर मंगलवार को परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत संहिता में वर्णित द्वादशाक्षर मंत्र की अलौकिक महिमा की कथा सुनाई। कहा कि इस मंत्र की साधना से साक्षात सगुण ब्रह्म प्रकट होकर साधक को अपनी गोद में उठा लेते हैं या स्वयं उसकी गोद में विराजमान हो जाते हैं। कहा कि ॐ नमो भगवते वासुदेवाय की साधना से भक्त को परमात्मा की साक्षात शरणागति प्राप्त होती है।
स्वामीजी ने कथा विस्तार के दौरान बताया कि मानव संविधान के निर्माता चक्रवर्ती सम्राट मनु ने नैमिषारण्य में धेनुमती तट पर द्वादशाक्षर मंत्र की साधना की, जिसके प्रभाव से निरंजन ब्रह्म स्वयं सगुण स्वरुप धारण कर प्रकट हुए और आगे चलकर त्रेतायुग में प्रभु श्रीराम का मंगलमय अवतार हुआ। इसी मनु वंश में यमुनाजी के पावन तट पर मधुबन में बालक ध्रुव ने ॐ नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र की अखंड साधना की, जिसके फलस्वरूप साक्षात नारायण ने उन्हें अपनी गोद में स्थान दिया।
स्वामी ज्ञानानन्द सरस्वती ने बताया कि मात्र पांच महीने की कठोर तपस्या से बालक ध्रुव ने वैकुण्ठ से भगवान नारायण को गरुड़ सहित मधुवन में आने के लिए विवश कर दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भगवान ध्रुव को दर्शन देने मात्र के लिए नहीं, बल्कि भक्त को अपनी आंखों से स्वयं देखने हेतु प्रकट हुए थे। कथा में आगे बताया गया कि मंत्र सिद्धि के प्रभाव से ध्रुव महाराज ने 36 हजार वर्षों तक धर्मपूर्वक राज्य किया और अंत में अलकनंदा के पावन तट स्थित बद्रीनाथ धाम से वैष्णवी विमान द्वारा ध्रुवलोक परमधाम की यात्रा की।
इस अवसर पर मुख्य यजमान पंकज सिंह व जूही सिंह द्वारा विधिवत व्यासपीठ का पूजन कर स्वामीजी महाराज का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। कथा में पंडित हरिओम शरण महाराज, आशा देवी, डाक्टर धनंजय पांडेय, रविभूषण प्रताप सिंह, अभिषेक तिवारी, विजय प्रताप सिंह, गौरव मिश्र, डाक्टर उमापति द्विवेदी, संतोष तोमर, शुभम तिवारी, अभिमन्यु दूबे, वैनतेय पांडेय, चंद्रकांत तिवारी, रितिक सिंह, आशीष तिवारी, आनंद त्रिपाठी, वैभव मिश्रा, अखिलेश जैन, प्रियव्रत शुक्ल, श्याम चौबे, आयुष तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment