श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह के साथ रासलीला हुई संपन्न
सोमवार को नौ दिवसीय श्रीराम कथा का होगा विशाल भंडारा
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे से सटे किशुनदास बाबा की कुटी बरहदपुर में आयोजित नौदिवसीय श्रीराम कथा एवं रासलीला का रविवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में समापन हुआ। अंतिम दिन श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह की मनोहारी लीला का मंचन किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कथावाचक पंडित ललित नारायण गिरी ने अपने प्रवचन में प्रभु श्रीराम के आदर्श, मर्यादा, त्याग और भक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए मार्गदर्शक है। वहीं श्रीकृष्ण–रुक्मिणी विवाह प्रसंग के माध्यम से प्रेम, विश्वास और धर्म की विजय का संदेश दिया गया। लीला के दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर अपनी आस्था प्रकट की।
कथा विश्राम पर आयोजक महंत ज्ञानी दास एवं संतोष सिंह ने बताया कि सोमवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र सहित दूर-दराज से आए श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से भंडारे में सहभागिता कर पुण्य लाभ लेने की अपील की। इस मौके पर लक्ष्मी प्रसाद, तेजनाथ मौर्य, मनोज कुमार, श्याम चौबे, धर्मेंद्र सिंह, मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधु-संत, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।


Post a Comment