श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह की लीला के साथ श्रीराम कथा का हुआ विश्राम
सोमवार को होगा भव्य भंडारा
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे से लगे किशुनदास बाबा की कुटी बरहदपुर में चल रही नौदिवसीय श्रीराम कथा व रासलीला का भावपूर्ण वातावरण में विश्राम हुआ। रविवार को श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह की दिव्य लीला का सजीव मंचन किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर हो गए।
कथावाचक ने श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग और भक्ति पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह की लीला के माध्यम से प्रेम, विश्वास और धर्म की विजय का संदेश दिया गया। लीला के दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर रासलीला का आनंद लिया।
कथा विश्राम के अवसर पर आयोजकों महंत ज्ञानी दास व संतोष सिंह ने बताया कि सोमवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से भंडारे में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की। इस अवसर पर लक्ष्मी प्रसाद, तेजनाथ मौर्य, मनोज कुमार, श्याम चौबे, धर्मेंद्र सिंह, मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधु-संत, महिलाएं व बच्चे उपस्थित रहे।





Post a Comment