बाल विज्ञान प्रदर्शनी में क्षेत्र की छात्राओं का परचम
करहां (मऊ) : जिला मुख्यालय पर आयोजित जिला स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी में मुहम्मदाबाद गोहना की दो छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष दस में स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर स्थानीय ब्लाक संसाधन केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी ओम प्रकाश तिवारी ने छात्राओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खंड विकास अधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा केवल परीक्षा परिणामों से नहीं आंकी जा सकती। उनमें बहुमुखी प्रतिभा का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कंपोजिट विद्यालय मुहम्मदाबाद गोहना की छात्रा रश्मि चौरसिया एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर की छात्रा मृणाल मंजरी ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में टाप टेन में स्थान प्राप्त कर शिक्षा क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उन्होंने इस सफलता के लिए संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक राजेश राम एवं प्रतिमा राय सहित सभी अध्यापकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment