Top News

गुरादरी धाम पर सजेगा होली मिलन का रंगारंग समारोह, 55 लोग होंगे महाराणा प्रताप सम्मान से सम्मानित

गुरादरी धाम पर सजेगा होली मिलन का रंगारंग समारोह, 55 लोग होंगे महाराणा प्रताप सम्मान से सम्मानित

मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। फागुन की मादक बयार और रंगों की खुशबू के बीच करहां परिक्षेत्र का प्रसिद्ध गुरादरी धाम एक बार फिर लोक परंपरा और सामाजिक सम्मान का साक्षी बनने जा रहा है। आगामी 08 मार्च रविवार प्रातः 11 बजे यहां सनातन धर्मियों का भव्य होली मिलन समारोह आयोजित होगा, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 55 लोगों को ‘महाराणा प्रताप सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा।

कार्यक्रम के संयोजक व अध्यक्ष नागेंद्र सिंह और संजय सिंह ने बताया कि यह आयोजन केवल होली मिलन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें हमारी पुरातन गवई संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। समारोह में फाग और चैता के पारंपरिक गीतों की स्वर लहरियां गूंजेंगी, लोकगायन की महफिल सजेगी और पारंपरिक पकवानों की सुगंध पूरे वातावरण को उत्सवमय बनाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराणा प्रताप सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह होंगे। होली के चौथे दिन रविवार को आयोजित इस समारोह में करहां परिक्षेत्र के 42 गांवों सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में जुटेंगे। श्रद्धालु यहां स्थित पाताल गंगा सरोवर में आस्था का स्पर्श कर बाबा घनश्याम साहब का दर्शन-पूजन करेंगे और उसके बाद होली मिलन के उल्लास में सहभागी बनेंगे।

आयोजकों के अनुसार याकूबपुर, दतौली, शमशाबाद, अरैला, भांटीकला, भांटीखुर्द, टंडवा, जमुई, करहां, दरौरा, दपेहड़ी, नगपुर, महमूदपुर, माहपुर, चकजाफरी, मालव, सद्धोपुर, देवसीपुर, राजापुर, तिलसवां, लग्गूपुर, हिंडोला, बरसवां, टेकई, देवरिया, सौसरवां, पिटोखर, सुहवल, छतउर, नवापुरा, रसूलपुर, लक्ष्मीपुर, ओटनी, पड़ेरुआ, अन्नूपार, भैंसहा, भंवराजपुर सहित अनेक गांवों के नागरिक समारोह में शामिल होंगे। बताया गया कि इस भव्य आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और गुरादरी धाम एक बार फिर फागुन के रंग, लोकगीतों की मधुर तान और सामाजिक सम्मान की गरिमा से सराबोर होने को तैयार है।



Post a Comment

Previous Post Next Post