रोज़ा इफ्तार में उठे अमन और मोहब्बत के हाथ
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। रमज़ान की पाक शाम में जब इबादत की खुशबू फिजाओं में घुली, तो करहां गांव का माहौल भी रूहानी रंग में रंग गया। प्रख्यात मौलाना डॉ. इफ्तेखार अहमद के अहाते में शुक्रवार सायंकाल आयोजित भव्य रोज़ा इफ्तार में सैकड़ों रोजेदारों ने एक साथ रोजा खोलकर विश्व शांति, भाईचारे और अमन-चैन की दुआएं मांगीं।
समाजसेवी डॉ. आफताब आलम गुड्डू की ओर से आयोजित इस इफ्तार में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु और गणमान्य लोग भी शामिल हुए। अज़ान की सदाओं के बीच रोजेदारों ने खजूर और पानी से रोजा खोला और दुआओं में पूरी दुनिया के लिए सुकून और सलामती की कामना की।
डॉ. आफताब आलम ने कहा कि रमज़ान का महीना इंसानियत, प्रेम और आपसी सौहार्द का पैगाम देता है। रोजेदारों को इफ्तार कराना उनके लिए इबादत के साथ-साथ आत्मिक शांति का माध्यम भी है। इस अवसर पर शहजादे खां, जमशेद अंसारी, मोनू खां, रिजवान सलमानी, अंसार अहमद, तौकीर खां, अमजद हाशमी, शाहिद अंसारी समेत सैकड़ों रोजेदार मौजूद रहे। रमज़ान की इस मुबारक शाम ने इलाके में मोहब्बत, भाईचारे और एकता का खूबसूरत संदेश बिखेर दिया।

Post a Comment