मठ गुरादरी धाम पर लगा रामनवमी का भव्य मेला
करहां (मऊ) : प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी करहां स्थित सुप्रसिद्घ वैराग्याश्रम मठ गुरादरी धाम पर रामनवमीं का भव्य मेला शुक्रवार को आयोजित हुआ। बाबा घनश्याम दास की तपस्थली व प्रसिद्ध पाताल गंगा सरोवर को लेकर विख्यात यह 300 वर्षो पुराना मठ हज़ारों श्रद्धालुओं के आगमन से गुलजार रहा। ऐसी मान्यता है कि यहां मांगी गई मुरादें कभी खाली नहीं जातीं। मठ व पुलिस प्रशासन मेले के सफल आयोजन में लगा रहा।
बता दें कि यह पवित्र स्थान बाबा घनश्याम साहब, पदारथ साहब, महाबल साहब, प्रहलाद साहब, सत्यनारायण साहब व जगन्नाथ साहब जैसे सतनामी संत परंपरा के दिव्य संतो की तपस्यास्थली के रुप में मशहूर है। यहां वर्ष में मुख्य रुप से कार्तिक पूर्णिमा व चैत्र रामनवमी को भव्य मेला लगता है। इसके अलावा मकर संक्रांति, छठ पर्व एवं गोविंद दशमी पर भी स्नान पर्व के साथ मेले का आयोजन होता है। सुबह से ही श्रद्धालुगण यहां के पवित्र पाताल गंगा सरोवर में पुण्य स्नान कर बाबा को फूल-बतासा चढ़ाने लगे। यहां के अन्नपूर्णा दरबार में अपनी नई फसलों का दान करके परंपरागत भभूत प्रसाद ग्रहण किया एवं वर्तमान महंत मानस धुरंधर भगवान दासजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर मेले का आनंद उठाया।
मेले में चौकी, फर्नीचर, कृषि उपकरण, खरेलू सामान, खेल के सामान, खिलौने, जलेबी, चाट, पकौड़ी, झूले, चर्खी व श्रृंगार सामग्रियों की दुकानों पर ज्यादा भींड़ देखी गयी। लोंगो ने जरुरत की सामानों की जमकर खरीदारी की। करहां के प्रसिद्ध चिकित्सक डाक्टर शोएब खां के नेतृत्व में दवा एवं जलपान का निःशुल्क शिविर लगाया गया था। मठ प्रबंधन से जुड़े पुजारी रामदास सहित अनेक सहयोगी छेदी सिंह, नागेंद्र सिंह, संदीप दास, संतोष पांडेय, रणधीर सिंह, चंद्रभान सिंह, सोमवीर यादव, मिथिलेश सिंह, विवेक सिंह आदि भक्त मेले की व्यवस्था में लगे रहे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस प्रशासन भी चाक-चौबंद नजर आई।





Post a Comment