Top News

ओन्हाईच ने जीती अमर शहीद लेफ्टिनेंट लाल बिहारी सिंह स्मृति कबड्डी प्रतियोगिता

ओन्हाईच ने जीती अमर शहीद लेफ्टिनेंट लाल बिहारी सिंह स्मृति कबड्डी प्रतियोगिता

•61वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, मेला व कबड्डी का हुआ आयोजन

•भूतपूर्व सैनिकों को अंगवस्त्र प्रदान कर किया गया सम्मानित

करहां (मऊ): रानीपुर में शनिवार को अमर शहीद लेफ्टिनेंट लाल बिहारी सिंह की 61वीं पुण्यतिथि पर 'शहीद दिवस' कबड्डी प्रतियोगिता व मेले का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अरुण कुमार सिंह ने अमर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कबड्डी प्रतियोगिता का फीता काटकर उद्घाटन किया। कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल 30 टीमों से पार पाते हुए फाइनल मुकाबले में ओन्हाईच ने सोहराबपुर को एकतरफा मुकाबले में हराकर विजेता ट्राफी पर कब्जा जमाया। इस अवसर पर अनेक भूतपूर्व सैनिकों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

शहीद मेले में मऊ जिले और आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि 5 जनवरी 1938 को जन्मे लाल बिहारी सिंह वर्ष 1962 में भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने थे और 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान छमजोरिया बार्डर पर बमबारी में गंभीर रुप से घायल होने के बाद 23 सितंबर 1965 को वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनकी शहादत के बाद थल सेना मुख्यालय के आदेश पर उनके पैतृक गांव के कंपोजिट विद्यालय में शहीद स्थल बनाया गया था, जहां वर्ष 1965 से हर साल 17 अक्टूबर को यह पारंपरिक मेला और श्रद्धांजलि समारोह लगातार आयोजित होता आ रहा है।

इस अवसर पर आयोजित मंडल स्तरीय डे-नाइट कबड्डी प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 30 टीमों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच रानीपुर और चकिया के बीच खेला गया, जिसमें रानीपुर ने चकिया को 44-23 से पराजित किया। रविवार भोर में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में ओन्हाईच की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए सोहराबपुर को 24-06 के बड़े अंतर से मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया, जबकि मेजबान रानीपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने ज़बरदस्त दमखम दिखाया और मैदान में मौजूद दर्शकों के बीच भारी उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान देश सेवा में योगदान देने वाले कई भूतपूर्व सैनिकों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इनमें मुख्य रुप से गौरी शंकर सिंह, हरी चौहान, रामजनम चौहान, अमला सिंह, जय प्रकाश गुप्ता, लालजी चौहान, केदार मौर्या, बंटी सिंह, बबलू सिंह आदि शामिल रहे। इस पूरे आयोजन को सफ़ल और सुव्यवस्थित बनाने में व्यवस्थापक दुर्गविजय सिंह, शेषनाथ सिंह, पप्पू सिंह, संतोष सिंह, रत्न सिंह, रेफरी संजय सिंह,  मिंटू सिंह, रवि पासवान, राजन सिंह, सौरभ मौर्या आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



Post a Comment

Previous Post Next Post