उद्यमिता शिविर संपन्न, किसानों को मिली वित्तीय समझ की नई दिशा
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के रसूलपुर-करहां स्थित संत रविदास मंदिर परिसर में आयोजित पांच दिवसीय कृषक उद्यमिता एवं डिजिटल प्रशिक्षण शिविर का वृहस्पतिवार को समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। अंतिम दिन किसानों को वित्तीय साक्षरता की बारीकियां सिखाई गईं, जिससे वे अपने आर्थिक फैसले अधिक समझदारी से ले सकें।
प्रशिक्षण में ऋण के सही उपयोग, सुरक्षित निवेश, बचत की आदत और बीमा के महत्व पर सरल व प्रभावी तरीके से प्रकाश डाला गया। उदाहरणों और कहानियों के माध्यम से बताया गया कि छोटी-छोटी बचतें भविष्य की बड़ी मजबूती बन सकती हैं, वहीं बीमा योजनाएं जीवन और फसल दोनों को सुरक्षा देती हैं। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को समूहों में बांटकर प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें उन्होंने उद्यमिता, लागत प्रबंधन, विपणन और वित्तीय ज्ञान का पुनरावलोकन किया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षण का संचालन दिव्या पांडेय व संग्या यादव ने किया, जबकि नित्या सिंह, अजय शुक्ला, धनंजय विश्वकर्मा व भीष्म सिंह की सक्रिय सहभागिता रही। चंद्रपाल चौहान, जयश्री प्रसाद, मंजू देवी, संजय कुमार, विमला देवी, चंदन राव, मोहम्मद खां, सोहित सरोज, विकास कुकर आदि किसानों ने इसे अपने आत्मनिर्भर भविष्य की ओर एक सार्थक पहल बताया।




Post a Comment