Top News

उन्नति की उड़ान का हुआ भव्य स्वागत

उन्नति की उड़ान का हुआ भव्य स्वागत

◆मऊ की बेटी बनी नेशनल जूनियर चैंपियन

◆गृह क्षेत्र आगमन पर विभिन्न मंदिरों में किया दर्शन

करहां (मऊ) : जब मेहनत इबादत बन जाए और सपनों को आसमान मिल जाए, तब कोई उन्नति सिंह बनकर इतिहास रचता है। अंडर-19 गर्ल्स बास्केटबाल नेशनल चैंपियनशिप में राजस्थान को विजय दिलाकर लौटी इस होनहार बेटी के स्वागत में पूरा क्षेत्र मानो उत्सव में डूब गया।

मंगलवार का दिन सिर्फ एक आगमन नहीं, बल्कि भावनाओं का जश्न था। सठियांव इंटरचेंज पर जैसे ही उन्नति का काफिला पहुंचा, फूलों की बारिश और तालियों की गूंज ने यह साबित कर दिया कि यह सिर्फ एक खिलाड़ी की वापसी नहीं, बल्कि गौरव की घर वापसी है। मां रानू सिंह के साथ खड़ी उन्नति के चेहरे पर विनम्रता और आंखों में सफलता की चमक साफ झलक रही थी। इसके बाद आस्था की पगडंडियों पर बढ़ते हुए उन्नति ने बरहदपुर कुटी के रामजानकी मंदिर, कोठिया धाम, देवलास के बालार्क सूर्य मंदिर और करहां के मठ गुरादरी धाम स्थित बाबा घनश्याम साहब की समाधि पर माथा टेका। हर दर पर उन्होंने आभार जताया, मानो कह रही हों कि ये जीत सिर्फ मेरी नहीं, यह सबकी दुआओं का असर है।

मुहम्मदाबाद गोहना शहीद चौराहे पर माल्यार्पण और करहां बाजार में ढोल-नगाड़ों की गूंज और पुष्पवर्षा ने माहौल को और भी भावुक बना दिया। हर जुबां पर एक ही बात थी- हमारी बेटी ने मऊ का नाम रोशन कर दिया। बरहदपुर कुटी पर जनप्रतिनिधियों द्वारा अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर उन्नति को सम्मानित किया गया। हर किसी की दुआ थी कि यह उड़ान यूं ही आसमान छूती रहे। जब उन्नति अपने गांव देवसीपुर पहुंचीं, तो वहां का हर दिल गर्व से भर उठा। गलियों में खुशी थी, चेहरों पर मुस्कान थी और हवा में एक ही संदेश गूंज रहा था यह बेटी अब सिर्फ अपने घर की नहीं, पूरे गांव की पहचान बन चुकी है।

बता दें कि बाड़मेर (राजस्थान) में अपने पिता स्व. अजीत सिंह की पुण्यतिथि 6 जनवरी के दिन खेले गए फाइनल मुकाबले में राजस्थान ने महाराष्ट्र को 45–09 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में उपकप्तान उन्नति सिंह की भूमिका निर्णायक रही। खास बात यह कि उन्होंने यह उपलब्धि अपने पिता की पुण्यतिथि के दिन हासिल की जो इस जीत को और भी भावुक बना देती है। आज उन्नति सिंह सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि एक प्रेरणा हैं। उनकी कहानी हर उस युवा को यह सिखाती है अगर हौसले बुलंद हों, तो तकदीर भी रास्ता बदल देती है।

स्वागत करने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, अनुसूचित व जनजाति मोर्चा के मुन्ना खरवार, बसपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डाक्टर धर्म सिंह गौतम, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुप्ता डायमंड, भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह व जनार्दन शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष ओमकार सिंह व रामसरन चौहान, जिला पंचायत सदस्य जयभीम कुमार, पूर्व प्रधान सुनील सिंह, त्रिभुवन प्रसाद, डिंपू जायसवाल, सौरभ तिवारी, हृतिक सिंह, चंद्रकांत तिवारी, बैजनाथ राम, राहुल सिंह भाई ठाकुर, ग्राम प्रधान वीरेंद्र राजभर समेत अनेक लोग मौजूद रहे।





Post a Comment

Previous Post Next Post