Top News

मेहनत की रोशनी में चमके नन्हें सितारे, ट्रॉफी-मेडल पाकर खिले चेहरे

मेहनत की रोशनी में चमके नन्हें सितारे, ट्रॉफी-मेडल पाकर खिले चेहरे

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के मोहल्ला अतरारी स्थित साबिरा पब्लिक स्कूल का आंगन उस समय खुशियों से जगमगा उठा, जब वार्षिक परीक्षाफल के बाद मेधावी छात्रों के सम्मान में एक भव्य समारोह सजा। ऐसा लगा मानो मेहनत की कलम ने सफलता की एक नई इबारत लिख दी हो। विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद जाहिद अंसारी ने जब नन्हें होनहारों को अंकपत्र, ट्रॉफी और मेडल से नवाज़ा, तो बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान किसी बसंती बहार से कम नहीं थी। हर एक सम्मान, उनके संघर्ष और लगन की कहानी बयां कर रहा था। समारोह में गूंजते तालियों के बीच यह संदेश भी दिया गया कि मेहनत की राह पर जो चलता है, वही मुकाम की ऊंचाइयों को छूता है।

कक्षा-1 से लेकर कक्षा-7 तक के मेधावी विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न सिर्फ विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि छोटे-छोटे कदम ही बड़ी सफलताओं की नींव रखते हैं। कहीं आलमीन अबरार की चमक थी, तो कहीं उम्मे हानी की मेहनत का नूर। हर कक्षा में सफलता की एक अलग कहानी लिखी गई। इस अवसर पर अभिभावकों और शिक्षकों की उपस्थिति ने माहौल को और भी भावुक और प्रेरणादायक बना दिया। शिक्षकों ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उड़ान बाकी है, आसमान अभी बाकी है, इन नन्हें परिंदों का इम्तिहान अभी बाकी है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सच ही है जब मेहनत इबादत बन जाए, तो कामयाबी खुद चलकर दामन थाम लेती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post