Top News

बास्केटबाल का नेशनल चैंपियन बनकर लौटीं उन्नति सिंह का भव्य स्वागत

बास्केटबाल का नेशनल चैंपियन बनकर लौटीं उन्नति सिंह का भव्य स्वागत

•विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन कर जताया आभार

•पिता की पुण्यतिथि के दिन जीता था नेशनल जूनियर बास्केटबाल का खिताब

करहां (मऊ) : अंडर-19 गर्ल्स बास्केटबाल नेशनल चैंपियनशिप में राजस्थान टीम को विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली देवसीपुर गांव की होनहार खिलाड़ी उन्नति सिंह के गृह नगर आगमन पर मंगलवार को भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रीय जूनियर बास्केटबाल टीम में चयनित होकर खिताब जीतने के बाद पहली बार घर पहुंचीं उन्नति के सम्मान में पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

उनकी मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक प्रमुख मां रानू सिंह के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सठियांव इंटरचेंज पर माला-फूल पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। उसके बाद काफिले के साथ उन्नति सिंह ने बरहदपुर कुटी स्थित रामजानकी मंदिर, कोठिया धाम में ब्रह्मलीन संत रामकृष्णजी महाराज, देवलास स्थित बालार्क सूर्य मंदिर और करहां के सुप्रसिद्ध मठ में बाबा घनश्याम साहब की समाधि पर दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और जीत के प्रति विनम्र भाव से आभार जताया। सभी मंदिरों के बाहर ब्लाक क्षेत्र की जनता ने उनका अभिनंदन किया।

बरहदपुर कुटी पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, अनुसूचित मोर्चा के मुन्ना खरवार ने उन्नति सिंह को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंटकर शाबासी दी। मुहम्मदाबाद गोहना स्थित शहीद चौराहा व करहां बाजार में पुष्पवर्षा कर ढोल-नगाड़ों की थाप पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।

इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जनार्दन शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष ओमकार सिंह, रामसरन चौहान, जयभीम कुमार, डाक्टर धर्म सिंह गौतम, सुनील सिंह, त्रिभुवन प्रसाद, डिंपू जायसवाल, सौरभ तिवारी, हृतिक सिंह, चंद्रकांत तिवारी, बैजनाथ राम, धर्मसिंह, दीपक गुप्ता डायमंड, राहुल सिंह सहित अनेक पदाधिकारियों व क्षेत्रीय लोगों ने उन्नति सिंह को माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्नति सिंह व उनकी मां रानू सिंह ने इस अभूतपूर्व स्वागत के लिए सबका आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्नति ने अपने शानदार प्रदर्शन से न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे मऊ जनपद का नाम रोशन किया है।

इसके बाद जब उन्नति अपने पैतृक गांव देवसीपुर पहुंचीं तो वहां भी ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल बना रहा। गौरतलब है कि बाड़मेर राजस्थान में आयोजित अंडर-17 गर्ल्स बास्केटबाल नेशनल चैंपियनशिप के फाइनल में राजस्थान टीम ने महाराष्ट्र को 45–09 के एकतरफा मुकाबले में हराकर खिताब अपने नाम किया था। टीम की उपकप्तान उन्नति सिंह ने इस जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्नति सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि और उनके स्वागत समारोह ने क्षेत्र के युवाओं में नई प्रेरणा का संचार किया है।





Post a Comment

Previous Post Next Post