Top News

सेवा की स्याही से लिखी पहचान, डॉ. शोएब खान हुए सम्मानित


सेवा की स्याही से लिखी पहचान, डॉ. शोएब खान हुए सम्मानित


करहां (मऊ) : समाजसेवा की राह पर निरंतर अग्रसर कदम जब लोगों की दुआओं से मिलते हैं, तो सम्मान अपने आप रास्ता तलाश लेता है। कुछ ऐसा ही दृश्य सोमवार को चिरैयाकोट स्थित आशीर्वाद मैरिज हाल में देखने को मिला, जहां माहपुर निवासी और करहां बाजार में क्लिनिक संचालित करने वाले डॉ. शोएब खान को स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
आयुर्वेदिक संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्हें मेडल और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उस समर्पण, सेवा और संवेदना का था, जो वर्षों से समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही है। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. शोएब खान सिर्फ एक चिकित्सक नहीं, बल्कि समाज के लिए एक मार्गदर्शक हैं, जो लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जरूरतमंदों के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उनकी यह निरंतर सेवा समाज में प्रेरणा का दीप जलाती है।

उनकी पहचान केवल क्लिनिक तक सीमित नहीं है। गुरादरी के मेलों में लगने वाले निःशुल्क स्वास्थ्य जलपान शिविर उनकी सेवा भावना का जीवंत उदाहरण हैं। इसके अलावा छात्रों, गरीबों, बुजुर्गों और यहां तक कि पशु-पक्षियों के प्रति भी उनका स्नेह और योगदान उन्हें एक विशिष्ट स्थान दिलाता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आशा जताई कि उनकी सेवा की यह धारा यूं ही निरंतर बहती रहेगी, जिससे समाज को नई ऊर्जा और दिशा मिलती रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post