शमशाबाद विद्यालय में बिछड़ने की घड़ी भी बनी खुशियों की सौगात
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय शमशाबाद का आंगन उस पल भावनाओं से भीग उठा, जब कक्षा 8 के नन्हें परिंदों को उड़ान के लिए विदा किया गया। विदाई के इस रंगीन पल में जहां आंखों में नमी थी, वहीं भविष्य के सुनहरे सपनों की चमक भी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम में जब मेधावी छात्रों के नाम पुकारे गए, तो तालियों की गूंज ने जैसे पूरे वातावरण को गर्व से भर दिया। कक्षा 8 में शबनम सरोज ने सफलता का परचम लहराया, अमित सरोज ने दूसरा मुकाम पाया और समित शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल कर अपनी मेहनत की कहानी लिख दी। कक्षा 7 में उजाला सरोज ने अपने नाम की तरह रोशनी बिखेरी, अनुष्का सरोज ने दूसरा और शिल्पा सरोज ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 6 में पाबनी ने प्रथम, प्रिया यादव ने द्वितीय और प्रक्शी रावत ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
अंकपत्र वितरण के इस अवसर पर हर बच्चे के चेहरे पर मेहनत की मुस्कान थी। शिक्षकों ने भी अपने शब्दों से जैसे दीप जलाए- मेहनत की राह पर चलते रहो, मंज़िल खुद कदम चूमेगी, अनुशासन को साथी बना लो, हर मुश्किल भी झुक जाएगी।
प्रभारी प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर मौर्य समेत सभी शिक्षकों की मौजूदगी ने इस आयोजन को और भी गरिमा प्रदान की। नरेश यादव, शिवलाल यादव, रितेश कुमार, सुनील कुमार प्रजापति, वीरेंद्र यादव, अविनाश ठाकुर और प्रेमशीला देवी सहित समस्त विद्यालय परिवार ने बच्चों को आशीर्वाद दिया। अंत में विदाई की वह घड़ी आई, जहां अल्फाज कम पड़ गए, पर दिलों की बातें आंखों से बयां हो गईं- ये विदाई नहीं, एक नई शुरुआत है, हर अंत के पीछे छिपी एक नई बात है।




Post a Comment