विश्व क्षय रोग दिवस पर मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के दो ग्राम प्रधान सम्मानित
करहां (मऊ) : विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रवीण कुमार मिश्रा ने की। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत वर्ष 2025 में टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के भौतिक सत्यापन के बाद चयनित पंचायतों को 24 मार्च 2026 को सम्मानित किया गया। इस दौरान ग्राम प्रधानों को महात्मा गांधी की कांस्य व रजत रंग की प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड की नेवादा ग्राम पंचायत के प्रधान इन्द्रराज यादव तथा सहुवारी ग्राम पंचायत के प्रधान उमेशचंद्र यादव को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिला। जिलाधिकारी ने उन्हें महात्मा गांधी का चित्र व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सराहना की। सम्मान मिलने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल रहा। प्रधान संघ अध्यक्ष नौशाद अहमद ने दोनों प्रधानों को स्मृति चिन्ह देकर बधाई दी और इसे पूरे क्षेत्र का गौरव बताया।
कार्यक्रम में प्रमोद यादव (ओटनी), वीरेंद्र कुमार राजभर (देवसीपुर), श्याम बिहारी जायसवाल (करहां), अशोक कुमार (जमुई), बसंत सिंह (राजापुर) रामनरेश यादव, प्रमोद मौर्या सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जनपद मऊ के 9 विकास खंडों से कुल 20 ग्राम प्रधानों को टीबी उन्मूलन में बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ही टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।




Post a Comment