Top News

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जाने के लिए तैयार छात्राएं

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जाने के लिए तैयार छात्राएं

•प्रशिक्षक की देखरेख में नियमित किया कड़ा अभ्यास

•09 मार्च से अयोध्या के अंबेडकर स्टेडियम में होनी है प्रतियोगिताएं

करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना स्थित कंपोजिट विद्यालय देवरीया बड़ी की दो तथा सुरहुरपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय की एक छात्रा आगामी राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 09 मार्च से अयोध्या के अंबेडकर स्टेडियम में किया जाएगा।

छात्राओं ने प्रतियोगिता से पहले प्रशिक्षक की देखरेख में नियमित रुप से कड़ा अभ्यास किया है। देवरिया बड़ी स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में खेल अनुदेशक विजय कुमार के मार्गदर्शन में खिलाड़ी छात्राओं को निरंतर अभ्यास कराया जा रहा है, जिससे वे प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। विद्यालय के प्रधानाध्यापकों तथा एनपीआरसी भुजही व सुरहुरपुर क्षेत्र के शिक्षकों ने उन छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी पूरे मनोयोग और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में उतरें तथा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर ब्लाक, जनपद और मंडल का नाम रौशन करें।

बताते चलें कि इन छात्राओं ने इससे पहले मंडलीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की थी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बैडमिंटन खिलाड़ी के रुप में कंपोजिट विद्यालय देवरिया बड़ी से कुमारी मानसी और अनामिका तथा सुरहुरपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय की छात्रा मृणाल मंजरी प्रतिभाग करेंगी। विद्यालय परिवार को इन प्रतिभावान छात्राओं से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है और विश्वास है कि वे अपनी मेहनत के बल पर क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post