Top News

नौ माह से मानदेय लंबित, मनरेगा कर्मियों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

नौ माह से मानदेय लंबित, मनरेगा कर्मियों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

•बिना मानदेय के सूना रहा होली का त्यौहार

•डीएम, सीडीओ तथा श्रम व रोजगार उपायुक्त से लगाई गुहार

करहां (मऊ) : पिछले करीब दस महीनों से मानदेय का भुगतान न होने से मनरेगा से जुड़े कर्मियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, बिना मानदेय उनकी होली में सूनी रही। समस्या के समाधान की मांग को लेकर शनिवार को दर्जनों मनरेगा कर्मियों ने मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा श्रम व रोजगार उपायुक्त को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय को सौंपा।

उक्त कर्मियों का कहना है कि उनका मानदेय जुलाई 2025 से ही लंबित है। इस दौरान दीपावली, दशहरा और होली जैसे प्रमुख त्योहार भी गुजर गए लेकिन अब तक किसी भी कर्मचारी को भुगतान नहीं किया गया। इसके चलते उनके परिवारों के सामने आर्थिक तंगी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बताया कि मानदेय भुगतान को लेकर 23 फरवरी को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के रोजगार गारंटी आयुक्त से मिलकर भी मांग पत्र सौंपा गया था लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भुगतान न होने से गांवों में कार्यरत कंप्यूटर आपरेटर, रोजगार सेवक, कार्यक्रम अधिकारी समेत अन्य कर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय ने कर्मियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग को संबंधित उच्चाधिकारियों तक भेज दिया जाएगा। इस मौके पर विक्रम कुमार, शहंशाह आलम, शशिकला, सरोज, माया, ममता, चंदा सिंह, इंद्रजीत, जनार्दन राजभर, जिंतेंद्र तिवारी सहित दर्जनों मनरेगा कर्मी उपस्थित रहे।




Post a Comment

Previous Post Next Post