राष्ट्रीय आय आधारित परीक्षा में सुरहुरपुर स्कूल का जलवा, पांच विद्यार्थियों ने बनाई जगह
करहां (मऊ) : परिषदीय विद्यालयों के कक्षा आठ के विद्यार्थियों के लिए आयोजित राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा में शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के उच्च प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर के पांच विद्यार्थियों ने सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रौशन किया है। शनिवार को विद्यालय परिसर में चयनित विद्यार्थियों का फूल-मालाओं और तिलक लगाकर सम्मान किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
प्रधानाध्यापिका प्रतिमा राय ने बताया कि इस वर्ष भी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद स्तर पर स्थान प्राप्त किया है। सफल विद्यार्थियों में आरुषि गुप्ता, मृणाल मंजरी, दीपशिखा, दीपिका और गगनदीप चौरसिया शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिसका परिणाम है कि यहां के छात्र लगातार इस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों से इस विद्यालय के पांच या उससे अधिक विद्यार्थी हर साल इस परीक्षा में चयनित हो रहे हैं। चयनित विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट तक प्रतिवर्ष एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे उनकी पढ़ाई में सहायता मिलती है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक सतीश मौर्य, सरोज यादव, लीलावती मौर्य, रामसहाय यादव और आशा चौहान ने भी मेधावी विद्यार्थियों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया। विद्यालय की इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी ओ.पी. त्रिपाठी ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सुरहुरपुर विद्यालय का अनुशासन और शिक्षण गुणवत्ता अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणादायी है।




Post a Comment