Top News

सामूहिक विवाह समारोह में आभूषण चोरी मामले में चार महिलाएं गिरफ्तार, सात लाकेट बरामद

सामूहिक विवाह समारोह में आभूषण चोरी मामले में चार महिलाएं गिरफ्तार, सात लाकेट बरामद

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के देवलास मंदिर परिसर में 14 मार्च को आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने के लाकेट चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चोरी के सात सोने के लाकेट बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय चालान कर दिया है।

स्वामी विवेकानंद सेवा संस्थान के प्रबंधक तथा हासपुर निवासी रामप्रवेश यादव की तहरीर के आधार पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार समारोह में आई देवकली निवासी राधिका, चकबरबोझी निवासी सरिता, आरीपुर निवासी राधिका, गोठा, दोहरीघाट निवासी सुशीला देवी, मुस्कुरा निवासी सीमा व रीमा देवी, आरीपुर निवासी प्रतिमा, बरवाडीह निवासी सुनीता तथा सलेमपुर निवासी ज्ञानमती के गले से सोने के लाकेट चोरी हो गए थे।

लाकेट चोरी होने की जानकारी मिलते ही समारोह स्थल पर हड़कंप मच गया। शक के आधार पर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने चार संदिग्ध महिलाओं को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम लक्ष्मी निवासी पाउस थाना दोहरीघाट, गुड्डी निवासी राम्बीरपुर थाना कासिमाबाद, गाजीपुर, खुशबू निवासी संसार पट्टी थाना बड़हलगंज, गोरखपुर तथा वंदना निवासी कोपागंज, मऊ बताया। सूचना पर पहुंची पुलिस चारों महिलाओं को कोतवाली ले आई। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के सात सोने के लाकेट बरामद किए गए।



Post a Comment

Previous Post Next Post