गढ़वा किले के पात्रावशेष कुषाणकालीन

गढ़वा किले के पात्रावशेष कुषाणकालीन

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के माहपुर ग्राम पंचायत के गढ़वा मौजा स्थित प्राचीन गढ़वा किले के पुरातात्विक महत्व को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व विभाग की निदेशक रेनू द्विवेदी ने डा. पंचम राजभर को भेजे पत्र में बताया कि प्रश्नगत स्थल का निरीक्षण क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी, क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई वाराणसी द्वारा किया गया है। निरीक्षण में पुरास्थल से प्राप्त पात्रावशेषों को कुषाण काल से संबंधित बताया गया है।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि गढ़वा का यह पुरास्थल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण एएसआई द्वारा संरक्षित है। ज्ञातव्य हो कि डा. पंचम राजभर ने केंद्र व प्रदेश सरकार से गढ़वा किले का सीमांकन कराने, अतिक्रमण से मुक्त कराने, बैरिकेडिंग, विभागीय बोर्ड, शिलालेख एवं शिलापट्ट लगाने के साथ ही स्थल का सुंदरीकरण कराने की मांग की है।

पुरातत्व विभाग की ओर से गढ़वा किले से मिले अवशेषों को कुषाणकालीन बताए जाने के बाद इसके ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों और इतिहास प्रेमियों ने सरकार से इस प्राचीन स्थल के संरक्षण और विकास के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।




Post a Comment

Previous Post Next Post