किसान के दूसरे बेटे ने भी किया नीट क्वालीफाई
करहां (मऊ) करहां परिक्षेत्र के माहपुर गांव निवासी एक किसान व व्यवसायी पिता के होनहार बेटे मोहम्मद अंजर खान ने नीट में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पिछले वर्ष उनके बड़े भाई अम्मार खां ने भी नीट क्वालीफाई किया था। बेटों की दोहरी सफलता पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
अंजर ने आल इंडिया स्तर पर 14,906वीं रैंक और कैटेगरी में 5,844वीं रैंक प्राप्त की। अंजर खान ने कुल 587 अंक हासिल किए हैं। उनके पिता आजम खां किसान व बीड़ी व्यवसायी और माता शगुफ्ता याशमीन शिक्षिका हैं। अंजर खान ने नर्सरी से कक्षा आठवीं तक की पढ़ाई एम. शमीम मेमोरियल पब्लिक स्कूल, महपुर से की। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की शिक्षा सेक्रेड हर्ट पब्लिक स्कूल, सुरहुरपुर से प्राप्त की। खास बात यह है कि पिछले वर्ष उनके बड़े भाई अम्मार खां ने भी नीट परीक्षा क्वालीफाई की थी। दोनों भाइयों की सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर डा. अनुराग सिंह, आकिब शमीम खां, हरिकृष्ण बरनवाल, आरिफ खां व डा. किरण कृष्ण बरनवाल ने माला पहनाकर मिठाई खिलाई। गुड्डू खां, जगदीश चौहान, शमशाद खां, अरशद खां और आशीष चौधरी ने भी बधाई दी। लोगों ने अंजर खां के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्वजन ने कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम है। अंजर खां ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है।




Post a Comment