साइबर ठगी के शिकार युवक को मिली राहत, पुलिस ने वापस कराए 4,940 रुपये
करहां (मऊ) : जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की सक्रियता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। थाना रानीपुर क्षेत्र के फतेहपुर निवासी मुकेश कुमार साइबर ठगी का शिकार हो गए थे, लेकिन पुलिस की तत्परता से उनकी पूरी धनराशि वापस दिला दी गई।
पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना और थानाध्यक्ष रानीपुर प्रमोद कुमार के निर्देशन में साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायत की जांच की गई। जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मुकेश कुमार को फोन कर क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया और उनसे 4,940 रुपये की ठगी कर ली।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना रानीपुर की साइबर टीम उपनिरीक्षक रामाज्ञा कुमार, महिला उपनिरीक्षक सुधा अग्रहरि, कांस्टेबल अब्दुल रब और महिला कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा ने त्वरित कार्रवाई की। टीम के प्रयासों से ठगी की गई पूरी धनराशि 4,940 रुपये आवेदक के खाते में वापस करा दी गई।
पीड़ित मुकेश कुमार ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर अपनी बैंकिंग या कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करें और किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।

Post a Comment