तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से महिला की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना-आजमगढ़ मार्ग पर शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। बरहदपुर कुटी के पास सड़क पार कर रही एक महिला को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के हाफिजपुर गांव निवासी 54 वर्षीय लीलावती पत्नी रामबली किसी काम से मुहम्मदाबाद गोहना बाजार आई थीं। सुबह करीब 10:15 बजे उनका बेटा अखिलेश उन्हें बाइक से बरहदपुर कुटी के पास छोड़कर चला गया। बेटे के जाने के कुछ ही क्षण बाद जैसे ही लीलावती सड़क पार करने लगीं, तभी आजमगढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर दौड़ पड़े और तत्काल डायल 112 पुलिस व खैराबाद चौकी को सूचित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन अस्पताल पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पुत्र अखिलेश की तहरीर पर अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

Post a Comment