प्रधान संगठन ने उठाई मांग, वर्तमान प्रधानों को बनाया जाए प्रशासक, लंबित भुगतान जल्द हो
जिलाधिकारी को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन, 26 मई से पहले भुगतान कराने पर जोर
करहां (मऊ) : जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को ग्राम प्रधान संगठन के आह्वान पर जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए प्रधानों और पदाधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधान संगठन के प्रदेश प्रभारी रविन्द्र राय के नेतृत्व तथा जिलाध्यक्ष अजय जायसवाल की अध्यक्षता में बड़ी संख्या में प्रधान एकत्र हुए और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
कार्यक्रम का संचालन जिला प्रभारी काशीनाथ यादव और प्रमुख महासचिव बृजेश सिंह बागी ने किया। इस दौरान प्रधानों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि आगामी 26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है, लेकिन समय पर पंचायत चुनाव होने की संभावना नहीं दिख रही है। ऐसे में वर्तमान प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाए, जिससे पंचायतों का कार्य प्रभावित न हो।
प्रदेश प्रभारी रविन्द्र राय ने कहा कि यदि समय से चुनाव नहीं कराए जाते हैं तो वर्तमान प्रधानों को प्रशासक बनाना संवैधानिक रूप से उचित है। उन्होंने राजस्थान और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों के उदाहरण देते हुए बताया कि वहां भी ऐसी व्यवस्था अपनाई जा चुकी है। साथ ही वर्ष 2010 में बसपा सरकार के दौरान भी यही व्यवस्था लागू की गई थी। इसके अलावा प्रधान संगठन ने ग्राम पंचायतों के सभी लंबित भुगतानों को 26 मई से पहले कराने की भी मांग की, ताकि विकास कार्यों में बाधा न आए।
इस मौके पर अजय जायसवाल, काशीनाथ यादव, बृजेश सिंह, विनोद राय, चन्द्रिका प्रसाद, रामदास साहनी, कमलेश यादव, शिवशंकर पाल, राजकोमल, मु. मन्नान, श्यामनारायण, साहब सिंह, अमित कन्नौजिया, दिनेश मिश्र बिनू, लल्लन यादव, रामश्रय राजभर, प्रवीण कुमार डब्बू, रमेश यादव, कालेश्वर पासवान, सपन कन्नौजिया, अमेश यादव, नौशाद, संतोष कुमार यादव, अभिमन्यु गुप्ता, संजय चौहान, उपेन्द्र यादव, नन्दकुमार यादव, पंकज पाण्डेय, लालजी कुमार, अभय मौर्य सहित बड़ी संख्या में प्रधान मौजूद रहे।



Post a Comment