फसल अवशेषों में भीषण आग लगने से ट्रैक्टर जलकर खाक, कई एकड़ खेत प्रभावित
करहां (मऊ) : रानीपुर ब्लॉक क्षेत्र के कई गांवों में शुक्रवार को गेहूं के डंठलों में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती गई और कई गांव इसकी चपेट में आ गए। इस दौरान आग बुझाने में जुटा एक ट्रैक्टर भी आग की लपटों में घिरकर पूरी तरह जल गया, हालांकि चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत ग्रामसभा कोरड से हुई। हवा के तेज झोंकों ने आग को तेजी से फैलाया, जिससे चितविसाव, नेवादा और परडी गांवों तक इसकी लपटें पहुंच गईं। लगभग दो किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैली इस आग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जब आग चितविसाव और नेवादा की सीमा तक पहुंची तो ग्रामीणों ने मिलकर इसे रोकने की कोशिश शुरू की। इसी दौरान चितविसाव निवासी रामजी सिंह ने अपने ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर आग की दिशा रोकने का प्रयास किया, ताकि आग आगे न बढ़ सके।
लेकिन अचानक हवा का रुख बदल गया और ट्रैक्टर आग की चपेट में आ गया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन कुछ ही पलों में ट्रैक्टर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इस आगजनी में ट्रैक्टर के अलावा कई एकड़ में फैले गेहूं के डंठल जलकर राख हो गए। राहत की बात यह रही कि अधिकांश फसल पहले ही काट ली गई थी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। वहीं चितविसाव निवासी सुबास का भूसा रखने का टाल भी आग में जल गया। घटना के बाद ग्रामीणों और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, जो समाचार लिखे जाने तक जारी रहा।




Post a Comment