शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में युवक की मौत, बहन घायल
करहां (मऊ) : कभी-कभी किस्मत ऐसे बेरहम मोड़ पर ले आती है, जहां खुशियों की दहलीज पर खड़ा परिवार अचानक गहरे शोक में डूब जाता है। ऐसा ही दर्दनाक हादसा शनिवार सुबह सामने आया, जब एक युवक अपने घर से कुछ ही दूरी पर मौत के आगोश में समा गया।
कोतवाली मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के सियाबस्ती गांव स्थित कोटिया मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय धर्मेंद्र राजभर अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होने के लिए बाहर से घर आया था। 24 अप्रैल को घर में बारात की तैयारी थी, हर ओर उल्लास और उमंग का माहौल था। शनिवार सुबह वह अपनी 17 वर्षीय मौसेरी बहन लाली को घोसी क्षेत्र के पीवाताल से बाइक पर लेकर घर लौट रहा था।
लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। घर से महज 200 मीटर पहले, कटकटी मोड़ चट्टी के पास जीयनपुर की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद धर्मेंद्र सड़क पर गिर पड़ा। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। बताया जाता है कि कार चालक घबराहट में भागने की कोशिश में युवक को कई मीटर तक घसीटता ले गया। यह मंजर इतना भयावह था कि जिसने भी देखा, उसकी रूह कांप उठी।
इस हादसे में धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मौसेरी बहन लाली गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की खबर मिलते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम का सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, हर आंख नम और हर दिल टूटा हुआ है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश भी है। उनका कहना है कि कटकटी मोड़ जैसे व्यस्त स्थान पर न तो स्पीड ब्रेकर है और न ही यातायात नियंत्रण की कोई व्यवस्था। ऊपर से पास में स्थित शराब की दुकान के कारण आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और घर की खुशियां यूं मातम में न बदलें।


Post a Comment