मुहम्मदाबाद गोहना में बस अड्डे की मांग ने पकड़ा जोर, मंत्री तक पहुंचाई आवाज
करहां (मऊ) : नगर की बढ़ती आबादी और यात्रियों की समस्याओं को देखते हुए यहां एक स्थायी बस अड्डे के निर्माण की मांग अब तेज हो गई है। लंबे समय से चली आ रही इस आवश्यकता को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने सरकार का ध्यान आकर्षित किया है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को ज्ञापन सौंपकर मुहम्मदाबाद गोहना में शीघ्र बस अड्डा बनवाने की मांग की। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि यह तहसील जनपद की प्राचीन और महत्वपूर्ण इकाइयों में शामिल है, बावजूद इसके यहां आज तक एक व्यवस्थित बस अड्डा स्थापित नहीं हो पाया है।
बताया गया कि पहले बस अड्डे की व्यवस्था रेलवे स्टेशन के समीप स्थित ब्लॉक परिसर में थी, लेकिन बाद में इसे पुरानी तहसील परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया। इस बदलाव के बाद से यात्रियों और वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अव्यवस्थित ठहराव के कारण आए दिन जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है। व्यापार मंडल ने मांग की है कि नगर के विकास और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए जल्द से जल्द एक आधुनिक और स्थायी बस अड्डे का निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और नगर की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ हो सके।

Post a Comment