Top News

हुनर की रोशनी से जगमगाएंगे सपने, टेलीकॉम प्रशिक्षण का हुआ आगाज़

हुनर की रोशनी से जगमगाएंगे सपने, टेलीकॉम प्रशिक्षण का हुआ आगाज़

करहां, मऊ। जहां कभी किताबों की सरगोशियां गूंजती थीं, आज वहीं हुनर की नई दास्तां लिखी जा रही है। बी.एस.आर.के. इंटर कॉलेज, रामनगर खालिसा का प्रांगण शुक्रवार को उम्मीदों के उजाले से जगमगा उठा, जब ब्रह्मर्षि श्रीरामकृष्ण सेवा ट्रस्ट के सानिध्य में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत टेलीकॉम प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ।

मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक राजेंद्र कुमार ने फीता काटकर इस पहल का आगाज़ किया, मानो युवाओं के सपनों को एक नई उड़ान मिल गई हो। उनके शब्दों में समय की सच्चाई झलकी- सिर्फ डिग्रियां नहीं, हुनर भी जरूरी है, इसी से बनती आज के दौर में मजबूरी से मजबूती की दूरी है।

मां सरस्वती की वंदना, दीप प्रज्ज्वलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच कार्यक्रम ने एक भावनात्मक रंग लिया। छात्राओं की मनोहारी प्रस्तुति ने वातावरण को संगीत और उमंग से भर दिया। प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने अतिथियों को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और प्रशिक्षुओं को निःशुल्क ड्रेस, किताबें व प्रशिक्षण किट देकर उनके आत्मविश्वास को नई दिशा दी।

प्रवीण राय ने बताया कि 18 से 35 वर्ष तक के हाईस्कूल व इंटर पास युवा इस चार माह के प्रशिक्षण से जुड़कर न सिर्फ कौशल हासिल करेंगे, बल्कि रोजगार की राह भी पाएंगे। जो हाथों में हुनर की लौ जला लेते हैं, वही अंधेरों में भी अपना रास्ता बना लेते हैं। कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन ख्वाबों की शुरुआत है जो अब हकीकत बनने की राह पर हैं- हुनर की राह पर जो चल पड़े आज, कल वही लिखेंगे कामयाबी का नया अंदाज़।

कार्यक्रम का संचालन शबीब रिजवी ने किया। इस अवसर पर राजकीय आईटीआई मऊ के प्रधानाचार्य अरुण यादव, द्वारिका प्रसाद मिश्र, एमआईएस प्रबंधक लक्ष्मण यादव, आईटीआई कॉलेजों के प्रबंधक बब्बन यादव, जयप्रकाश पाल, सुनील यादव, अरविंद यादव, मांधाता सिंह, प्रधानाचार्य रजनीश राय, रामभजन यादव सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं, आगंतुक व क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post