गढ़वा की प्राचीन कोट बचाने की मांग तेज, शासन को भेजा गया प्रत्यावेदन
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के ग्राम माहपुर गढ़वा स्थित प्राचीन कोट की भूमि संरक्षण को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद हुई है। इस संबंध में डाक्टर पंचम राजभर द्वारा मुख्यमंत्री सहित संस्कृति, राजस्व व गृह विभाग के उच्च अधिकारियों को प्रत्यावेदन भेजकर कोट की जमीन की उच्च स्तरीय जांच एवं संरक्षण की मांग की गई है।
प्रत्यावेदन में कहा गया है कि उक्त कोट भारतीय पुरातत्व विभाग (एएसआई) द्वारा संरक्षित धरोहर मानी जाती रही है, लेकिन चकबंदी के दौरान राजस्व अभिलेखों में गड़बड़ी कर जमीन के बड़े हिस्से को कम कर दिया गया है। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा अनियमित तरीके से खातों में परिवर्तन कर अतिक्रमण भी किया जा रहा है, जिससे इस ऐतिहासिक स्थल का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है।
डाक्टर राजभर ने मांग की है कि पुराने राजस्व अभिलेखों, पुरातात्विक साक्ष्यों और भौतिक सर्वेक्षण के आधार पर कोट की वास्तविक सीमा का निर्धारण कर उसे संरक्षित किया जाए। साथ ही, इसकी ऐतिहासिक महत्ता को सार्वजनिक कर जागरूकता बढ़ाने की भी अपील की गई है। प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई है।


जय भारत
ReplyDeletePost a Comment