करहां में गेहूं क्रय केंद्र खुलने से किसानों में हर्ष
करहां (मऊ) : किसानों की लंबे समय से की जा रही मांगो के क्रम में मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के नगपुर-करहां साधन सहकारी समिति पर विभाग द्वारा पुनः क्रय केंद्र बना दिया गया है। इसकी सूचना मिलने पर क्षेत्रीय किसानों में हर्ष का माहौल व्याप्त हो गया और उन्होंने इसके लिए शासन व प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
बता दें कि यह केंद्र करहां परिक्षेत्र के लगभग 50 गांवो के किसानों के लिए उपयोगी था, लेकिन बिना किसी सक्षम कारणों के 8 वर्ष पहले यहां के क्रय केंद्र को समाप्त कर दिया गया। इसके कारण इस क्षेत्र के किसानों को बरहदपुर, गालिबपुर व जहानगंज के क्रय केंद्रों पर धान व गेहूं की तौल कराने स्वयं के साधन से जाना पड़ता था। इस परेशानी के कारण बहुत सारे किसान बिचौलियों व साहूकारों को भी अपना अनाज कम मूल्य पर बेचने को मजबूर थे। इस साधन सहकारी समिति के पूर्व अध्यक्ष ओमकार सिंह ने इस संबंध में मऊ के प्रभारी मंत्री को पत्र देकर क्रय केंद्र शुरु करने की मांग की थी। करहां के विजय कुमार सिंह ने भी गोरखपुर-अयोध्या क्षेत्र के स्नातक एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह को पत्र लिखकर गुहार लगाई थी।
अंततः किसानों की लंबे समय से की जा रही मांग को विभाग ने संज्ञान में लिया और यह क्रय केंद्र पुनः बहाल हो गया। सचिव विजय कुमार सिंह डब्लू ने बताया कि बोरी आते ही तौल शुरु की जाएगी। किसान नेता नागेंद्र सिंह, बहादुर यादव, अरुण त्रिपाठी, लल्लन खां, रविंद्र सिंह, संदीप दास, अंकित राजपूत, नागेंद्र भूषण, मुखराम चौहान, सुनील राजभर आदि किसानों ने क्रय केंद्र शुरु करने के लिए विभाग का आभार व्यक्त किया है औऱ आशा व्यक्त की है कि अब यहां निरंतर धान व गेहूं की तौल की जाती रहेगी।

Post a Comment