Top News

कौशल विकास मिशन के तहत टेलीकॉम प्रशिक्षण का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

कौशल विकास मिशन के तहत टेलीकॉम प्रशिक्षण का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के बीएसआरके इंटर कॉलेज रामनगर खालिसा में शुक्रवार को ब्रह्मर्षि श्रीरामकृष्ण सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत टेलीकॉम प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुहम्मदाबाद गोहना के विधायक राजेंद्र कुमार ने फीता काटकर किया। इस दौरान प्रशिक्षुओं को निःशुल्क ड्रेस, किताबें और प्रशिक्षण किट भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने अतिथियों का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया।

मुख्य अतिथि विधायक राजेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान तकनीकी दौर में युवाओं के लिए कौशल विकास बेहद आवश्यक है। केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोजगार के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि टेलीकॉम प्रशिक्षण से युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।

प्रबंधक प्रवीण राय ने बताया कि इस योजना के तहत 18 से 35 वर्ष तक के हाईस्कूल व इंटर पास युवाओं को चार माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद उन्हें रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन शबीब रिजवी ने किया। इस अवसर पर राजकीय आईटीआई मऊ के प्रधानाचार्य अरुण यादव, द्वारिका प्रसाद मिश्र, एमआईएस प्रबंधक लक्ष्मण यादव, आईटीआई कॉलेजों के प्रबंधक बब्बन यादव, जयप्रकाश पाल, सुनील यादव, अरविंद यादव, मांधाता सिंह, प्रधानाचार्य रजनीश राय, रामभजन यादव सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं व क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post