तमसा पुल पर प्रस्तावित बैरियर को लेकर भाजपा ने जताई आपत्ति, प्रशासन से वैकल्पिक स्थान तय करने की मांग
मुहम्मदाबाद गोहना मऊ। स्थानीय तमसा नदी पर बने पुराने और जर्जर पुल की सुरक्षा के मद्देनजर लगाए जाने वाले बैरियर के स्थान को लेकर भाजपा नेताओं ने प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। बुधवार को भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी आनंद वर्धन, पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर और लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से मिलकर बैरियर के प्रस्तावित स्थान में बदलाव की मांग की।
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लालजी वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में भाजपा मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’, सभासद नंदलाल सोनकर तथा पूर्व सभासद बनवारी लाल सोनकर शामिल थे। नेताओं ने अधिकारियों को बताया कि यदि रौजा मखदूम और नदवासराय के पास बैरियर लगाया जाता है तो आसपास के बाजारों और व्यापारिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। साथ ही स्थानीय लोगों को आवागमन में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
भाजपा प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि बैरियर चुंगी और भातकोल क्षेत्र में स्थापित किया जाए। उनका तर्क था कि इस व्यवस्था से पुल की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी और व्यापार तथा आम जनजीवन पर नकारात्मक असर भी नहीं पड़ेगा। इसके अलावा अतरारी, खैराबाद समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा एंबुलेंस, स्कूल बस और अग्निशमन वाहनों की आवाजाही भी सुचारु बनी रहेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से स्थानीय जनता की भावनाओं और क्षेत्रीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने का आग्रह किया। अधिकारियों ने मामले का परीक्षण कर संबंधित विभागों से विचार-विमर्श के बाद उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे पुनः अधिकारियों से वार्ता करेंगे। इसके बावजूद समाधान न निकलने पर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ आंदोलन तथा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।


Post a Comment