विश्व पर्यावरण दिवस पर अधिरोहण ने जगाई हरित चेतना, कपड़े के थैले बांटकर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
मऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जब पूरी दुनिया प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कर रही थी, तब अधिरोहण सामाजिक संस्थान ने नगरवासियों के बीच पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाने के लिए एक सार्थक पहल की। संस्थान की ओर से लोगों को कपड़े के थैले वितरित कर प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया गया।
जनजागरुकता अभियान के दौरान नागरिकों को बताया गया कि एकल उपयोग वाली प्लास्टिक आज धरती, जल स्रोतों और जीव-जंतुओं के अस्तित्व के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक व्यवहार में छोटे-छोटे परिवर्तन करे, तो प्रकृति को होने वाले बड़े नुकसान को रोका जा सकता है।
संस्थान की संस्थापिका एवं अध्यक्ष ज्योति सिंह ने कहा कि अधिरोहण सामाजिक संस्थान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि धरती को सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखना केवल सरकार या संस्थाओं का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने प्लास्टिक के उपयोग को न्यूनतम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कपड़े के थैलों के साथ बांटा गया यह संदेश लोगों के मन में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की नई अलख जगा गया।

Post a Comment