सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 128 मामलों में 8 का तत्काल निस्तारण
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं की सुनवाई की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रमेंद्र कुमार तथा उप जिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने की। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान कुल 128 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 8 मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। वहीं जटिल एवं गंभीर प्रकृति की शिकायतों की जांच के लिए छह टीमों को संबंधित स्थलों पर भेजा गया, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन कर शीघ्र कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जनता को त्वरित राहत उपलब्ध कराना शासन और प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस दौरान तहसीलदार अनीश सिंह, नायब तहसीलदार गौरव शाह, खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडे, पूर्ति निरीक्षक अमित कुमार, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी देवेश मिश्रा, सीएचसी अधीक्षक डाक्टर रामबदन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment