पुलिस भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, डीएम-एसपी ने केंद्रों का किया निरीक्षण
करहां (मऊ) : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 बुधवार को जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शी निगरानी के बीच सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा की निष्पक्षता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी आनंद वर्धन एवं पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने पुलिस बल के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र स्थित संत गणिनाथ पीजी कॉलेज, टाउन इंटर कॉलेज समेत अन्य परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग व्यवस्था, बायोमेट्रिक सत्यापन, केवाईसी प्रक्रिया तथा अन्य तकनीकी संसाधनों की गहन जांच की गई। केंद्र व्यवस्थापकों को शासन के दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुरूप परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम और एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं तथा परीक्षा की पारदर्शिता से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर प्रतिबंध रखा गया, जबकि परीक्षा परिसर में मोबाइल फोन, आईटी गैजेट्स एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। अधिकारियों ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।
जनपद के कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा की प्रथम पाली में 8,256 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 6,735 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,521 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में भी 8,256 अभ्यर्थियों में से 6,730 अभ्यर्थी उपस्थित हुए तथा 1,526 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन पर संतोष व्यक्त किया।





Post a Comment