Top News

तमसा नदी पुल के बैरियर को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने डीएम-एसपी व एक्सईएन से की मुलाकात

तमसा नदी पुल के बैरियर को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने डीएम-एसपी व एक्सईएन से की मुलाकात

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना-घोसी मार्ग पर स्थित तमसा नदी के जर्जर पुल की सुरक्षा के लिए प्रस्तावित बैरियर के स्थान को लेकर भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी आनंद वर्धन, पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर  व लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने वर्तमान में प्रस्तावित स्थानों के बजाय चुंगी और भातकोल में बैरियर लगाए जाने की मांग की।

नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष लालजी वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’, वर्तमान मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा, सभासद नंदलाल सोनकर तथा पूर्व सभासद बनवारी लाल सोनकर शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को बताया कि रौजा मखदूम और नदवासराय के पास बैरियर लगाए जाने से मुबारककपुर, देवलास व भातकोल के व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होगा तथा आवागमन में भी दिक्कतें बढ़ेंगी।

सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ ने कहा कि यदि बैरियर चुंगी और भातकोल में लगाए जाते हैं तो उक्त व्यापारियों के हित सुरक्षित रहेंगे। साथ ही अतरारी और खैराबाद क्षेत्र में एंबुलेंस, स्कूली वाहन एवं फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं का आवागमन भी सुगम बना रहेगा। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से मिलकर जनहित में निर्णय लेने की मांग की।

अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले पर संबंधित विभागों से विचार-विमर्श कर जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो एक सप्ताह बाद पुनः अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। इसके बावजूद समाधान न निकलने पर व्यापारियों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post