गुरादरी मठ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया योग, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प
करहां (मऊ) : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार प्रातः करहां परिक्षेत्र के सुप्रसिद्ध गुरादरी मठ एवं पाताल गंगा सरोवर के मनोरम तट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया। भाजपा नेत्री पूनम सरोज तथा वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन डा. उमेश सरोज के नेतृत्व में पहुंचे दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक योग कार्यक्रम में भाग लिया।
योग प्रशिक्षक व शिक्षक राजीव मौर्य एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड कार्यवाह धर्मेंद्र सिंह ने प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, त्रिकोणासन तथा सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि ताड़ासन शरीर के संतुलन और रीढ़ की मजबूती के लिए लाभकारी है, वृक्षासन एकाग्रता बढ़ाने में सहायक है, भुजंगासन पीठ और कमर की मांसपेशियों को सुदृढ़ बनाता है, वज्रासन पाचन तंत्र को मजबूत करता है, जबकि त्रिकोणासन शरीर में लचीलापन बढ़ाने और मोटापे को नियंत्रित करने में मदद करता है। सूर्य नमस्कार को संपूर्ण शरीर के लिए लाभकारी बताते हुए नियमित अभ्यास करने की सलाह दी गई।
पूनम सरोज ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने की प्राचीन भारतीय जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से तनाव, चिंता और अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास से परिपूर्ण रहता है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
योगाभ्यास के उपरांत सभी कार्यकर्ताओं ने बाबा घनश्याम साहब की समाधि पर मत्था टेककर देश की उन्नति, समृद्धि एवं जनकल्याण की मंगलकामना की। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य करहां आशीष चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष ओमकार सिंह मुन्ना, वर्तमान मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत तिवारी, महामंत्री अंकित सरोज एवं रितिक सिंह, प्रभाकर राय, ज्ञानेंद्र प्रताप, वीरेंद्र राजभर, धनंजय कुमार, अबुल फ़ैज़ खान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





Post a Comment