विभिन्न विद्यालयों एवं गांवों में गूंजा योग का संदेश, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प
करहां (मऊ)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं परिषदीय विद्यालयों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह से ही बच्चों, शिक्षकों, ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संदेश दिया।
क्षेत्र के राजापुर गांव में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बसंत कुमार सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सामूहिक योग किया। योग प्रशिक्षकों एवं वरिष्ठ लोगों ने उपस्थित लोगों को योग के महत्व से अवगत कराते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
वहीं खैराबाद, नगरीपार, करपिया, सुल्तानीपुर, मालव सहित विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में भी योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं व्यायाम अध्यापकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, प्राणायाम समेत विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास किया। इस दौरान विद्यार्थियों को योग से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाता है। सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों से गांवों और विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरुकता का संदेश प्रसारित हुआ तथा लोगों में योग के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।







Post a Comment