Top News

रतनपुरा ब्लाक के बांध, रेगुलेटर व ड्रेन मऊ सिंचाई विभाग के अधीन लाने की मांग

रतनपुरा ब्लाक के बांध, रेगुलेटर व ड्रेन मऊ सिंचाई विभाग के अधीन लाने की मांग

करहां (मऊ) : जनपद गठन के लगभग 38 वर्ष बाद भी रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र में स्थित कई बांध, रेगुलेटर और पुल बलिया के बाढ़ खंड व ड्रेनेज खंड के अधीन हैं। वहीं छोटी सरजू ड्रेन और भगनही ड्रेन सिंचाई विभाग के बाढ़ खंड आजमगढ़ के अधीन संचालित हो रही हैं। इससे इन महत्वपूर्ण जल निकासी और सिंचाई संसाधनों के मरम्मत, अनुरक्षण, रखरखाव व खुदाई कार्यों की प्रभावी निगरानी नहीं हो पा रही है।

इस संबंध में राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव देव प्रकाश राय और जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव को पत्रक सौंपकर उक्त ड्रेनों, बांधों, रेगुलेटरों और पुलों को मऊ जनपद के सिंचाई विभाग के अधीन लाने के लिए कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में संबंधित कार्यस्थल आजमगढ़ और बलिया जिलों से काफी दूर होने के कारण विभागीय अधिकारियों की नियमित निगरानी नहीं हो पाती है। इससे अनुरक्षण और मरम्मत कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निगरानी के अभाव में इन कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता की आशंका बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि यदि इन सभी संसाधनों को मऊ जनपद के सिंचाई विभाग के अधीन कर दिया जाए तो स्थानीय अधिकारियों की प्रभावी निगरानी और नियंत्रण रहेगा। इससे मरम्मत, रखरखाव व खुदाई के कार्य बेहतर ढंग से हो सकेंगे और क्षेत्र की जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post