करहां के होनहार बीटेक छात्र अजमल हाशमी का कैंसर से निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
करहां (मऊ) : श्रमजीवी पत्रकार यूनियन मुहम्मदाबाद गोहना के सक्रिय सदस्य एवं जनसंदेश टाइम्स के तहसील प्रभारी पत्रकार सद्दाम हाशमी के छोटे भाई 20 वर्षीय अजमल हाशमी पुत्र असलम हाशमी का कैंसर से लंबी जंग लड़ने के बाद बीती रात निधन हो गया। उनके असमय निधन की खबर से करहां क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अजमल एक मेधावी बीटेक छात्र थे। अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर उनका एक प्रतिष्ठित कंपनी में कैंपस सेलेक्शन भी हो चुका था। उज्ज्वल भविष्य के सपने संजोए अजमल पिछले काफी समय से पेट के कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज वाराणसी स्थित होमी भाभा एवं मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान में चल रहा था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। अजमल के निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक होनहार युवा के असमय चले जाने से पत्रकार, परिजन, मित्र, शुभचिंतक और पूरे क्षेत्र के लोग गहरे शोक में हैं। उनके घर पर सुबह से ही संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।
क्षेत्रीय विधायक राजेन्द्र कुमार, पत्रकार संजय राय, प्रख्यात चिकित्सक डॉ. कुँवर अनुराग सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्यामबिहारी जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशीष चौधरी, व्यवसायी अमजद हाशमी, अनवर अहमद, बृजभूषण गौतम, हारुन खां, दुर्गविजय राजभर, विष्णुकांत श्रीवास्तव, अजीत प्रताप सिंह, कंचन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने करहां बाजार स्थित उनके आवास पहुंचकर अंतिम दर्शन किए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। अजमल हाशमी की नमाज-ए-जनाज़ा मंगलवार दोपहर 2 बजे तानागाह के मैदान में अदा की जाएगी। उनके निधन से क्षेत्र ने एक प्रतिभाशाली, विनम्र और उज्ज्वल भविष्य वाले युवा को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

Post a Comment