गुरुपूर्णिमा पर गुरुपूजन, भजन-कीर्तन व भंडारों से गूंजे धार्मिक स्थल
करहां (मऊ) : गुरुसत्ता के महान पर्व गुरुपूर्णिमा पर क्षेत्र के मठ गुरादरी धाम, सिकठिया, कोठिया, श्रीरामजानकी मंदिर भतड़ी तथा श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर क्षीरसागर करहां में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। विभिन्न स्थानों पर स्नान-दान, कीर्तन-भजन, सुंदरकांड, प्रसाद वितरण एवं भव्य भंडारों का आयोजन हुआ।
वैराग्याश्रम मठ गुरादरी धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भाजपा नेत्री एवं ब्लाक प्रमुख मुहम्मदाबाद गोहना रानू सिंह ने बाबा घनश्याम साहब के दरबार में मत्था टेककर वर्तमान महंत मानस धुरंधर भगवान दास महाराज का आशीर्वाद लिया। भाजपा नेता अखंड प्रताप सिंह, व्यवसायी अतुल सिंह सहित मऊ, आजमगढ़, बलिया और गाजीपुर से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। फल व्यवसायी अनिल चौरसिया ने सहयोगियों के साथ प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन कराया।
श्रीरामजानकी मंदिर भतड़ी में महंत रामकमल दास के नेतृत्व में कीर्तन-भजन और भंडारा आयोजित हुआ। वहीं श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर क्षीरसागर करहां में सुंदरकांड पाठ, प्रसाद वितरण तथा ब्रह्मलीन संत भगवान दास की समाधि पर श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन किया। कोठिया और सिकठिया में भी ब्रह्मलीन संत दरबारी दास व श्रीरामकृष्ण दास की प्रतिमाओं पर श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित कर गुरु वंदना की।








Post a Comment