सेवा की खुशबू से महका 33वां जन्मदिन, युवा व्यापारी आशीष ‘भीम’ ने बांटी खुशियां
करहां (मऊ) : जन्मदिन को केवल उत्सव और उल्लास का अवसर मानने के बजाय यदि उसे सेवा, श्रद्धा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ दिया जाए, तो वह दिन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि समाज की खुशियों का पर्व बन जाता है। कुछ ऐसा ही भावनात्मक और प्रेरणादायी दृश्य संत सरजू दास मद्धेशिया वैश्य अनाथ आश्रम, गौशाला एवं उपवन, ग्राम करजौली, खुरहट में देखने को मिला, जहां युवा व्यापारी आशीष कुमार गुप्त उर्फ ‘भीम’ का 33वां जन्मदिन सेवा कार्यों के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत सरजू दास महाराज के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और लड्डू अर्पित कर किया गया। इस दौरान मंदिर निर्माण में जुटे श्रमिकों को गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्हें पूड़ी-सब्जी, समोसा, इमरती और पानी उपलब्ध कराकर जलपान कराया गया। इसके बाद मलिन बस्ती में पहुंचकर जरुरतमंद परिवारों के बीच भोजन के पैकेट, बिस्किट और टॉफियां वितरित की गईं। बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रुप से विद्यालय जाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर आश्रम समिति के सदस्य, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष एवं मोहम्मदाबाद गोहना नगर अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्त ने कहा कि जन्मदिन और पूर्वजों की पुण्यतिथि जैसे अवसरों को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित न रखकर सेवा और समाजहित के कार्यों से जोड़ना चाहिए। इससे समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचता है और नई पीढ़ी में मानवीय मूल्यों तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरुकता बढ़ती है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला संरक्षक ईश्वर दयाल सिंह, सेठ हनुमान मंदिर के व्यवस्थापक सूरज कुमार मद्धेशिया, पंकज कुमार मद्धेशिया, अयांश मद्धेशिया, ऋषिका मद्धेशिया सहित आश्रम समिति के सदस्य, व्यापारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






Post a Comment