शैक्षिक भ्रमण में बच्चों का आकलन, विद्यालय परिसर में हुआ पौधरोपण
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय माहपुर का गुरुवार को जनपद के एसआरजी ने शैक्षिक भ्रमण के दौरान सहयोगात्मक पर्यवेक्षण किया। इस दौरान शिक्षक राजीव मौर्य की कक्षा में बच्चों का अपेक्षित दक्षताओं के आधार पर आकलन किया गया, जिसमें सभी बच्चों ने अच्छा प्रदर्शन किया। एसआरजी ने शिक्षक राजीव मौर्य के गतिविधि आधारित एवं बच्चों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरुप शिक्षण कार्य की सराहना की। प्रधानाध्यापक प्रेमशंकर तिवारी के नेतृत्व में विद्यालय के शिक्षकों के परिश्रम की भी प्रशंसा की गई।
इस अवसर पर ‘इको क्लब्स फॉर मिशन लाइफ’ संस्करण 3.0 के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शिक्षकों के साथ पौधारोपण किया गया। एसआरजी ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग मऊ को 15 हजार पौधारोपण का लक्ष्य मिला है, जिसे पूरा करने की दिशा में जनपद तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य परियोजना कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार पौधारोपण में मऊ जनपद प्रदेश में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय, खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी, शिक्षक संकुलों और विशेष रूप से नोडल शिक्षक संकुलों के प्रयासों को दिया। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के बाबा बहाल दास इंटर कॉलेज व जनता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज का अवलोकन कर प्रधानाचार्य इंद्रजीत मौर्य व प्रभारी हरेंद्र कुमार को आवश्यक दिशानिर्देश दिया।






Post a Comment