83 ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों की समीक्षा, बीडीओ ने दिए कई अहम निर्देश
करहां (मऊ) : विकास खंड मुहम्मदाबाद गोहना के सभागार में गुरुवार को खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों एवं ग्राम पंचायत सचिवों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास खंड की 83 ग्राम पंचायतों में से 76 ग्राम प्रधानों व प्रधान प्रतिनिधि के साथ सभी ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।
बैठक में बीडीओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, विबीजी रामजी , वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था समेत विभिन्न विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।
अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत विधवा, दिव्यांग एवं अन्य वंचित पात्र परिवारों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि पात्रता सूची का पुनः सत्यापन कर छूटे हुए लाभार्थियों को चिह्नित किया जाए। दिव्यांग लाभार्थियों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र अनिवार्य होने की जानकारी भी दी गई।
वीबीजी कार्यों एवं हाल ही में कराए गए वृक्षारोपण की समीक्षा करते हुए बीडीओ ने पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शासन की गाइडलाइन के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए। वहीं, संचारी रोगों को देखते हुए ग्राम पंचायतों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने और खराब पड़े हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने पंचायत भवनों के रखरखाव एवं आवश्यक निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) आदित्य सिंह, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष नौशाद अहमद ग्राम प्रधान धीरेंद्र प्रताप खरवार, वीरेंद्र कुमार राजभर, प्रमोद कुमार, विवेक सिंह बबलू, जगदीश चौहान जितेंद्र चौहान, चंद्रविजय सिंह, राजकुमार चौहान हिंदराज, बसंत सिंह प्रदीप कुमार उमेश कुमार यादव, ज्ञानेंद्र प्रताप, अशोक कुमार सहित क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




Post a Comment