करहां क्षेत्र के दो परिवारों के होनहार बेटों विष्णुकांत व अंजर ने नीट में लहराया परचम
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक अंतर्गत करहां क्षेत्र के दो होनहार युवाओं ने नीट-यूजी 2026 में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। माहपुर गांव निवासी किसान व बीड़ी व्यवसायी आजम खां के बेटे मोहम्मद अंजर खान ने 720 में 587 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया 14,906वीं रैंक हासिल की। वहीं कपड़ा व्यवसायी राधेकांत मद्धेशिया परिवार के विष्णुकांत मद्धेशिया ने 578 अंक और 99.0838995 पर्सेंटाइल के साथ ऑल इंडिया 18,948वीं रैंक प्राप्त की।
मोहम्मद अंजर खान के बड़े भाई अम्मार खां ने भी पिछले वर्ष नीट क्वालीफाई किया था। वहीं विष्णुकांत मद्धेशिया अपने परिवार के पहले डॉक्टर बनने जा रहे हैं और उन्होंने अपने दादा राधेकांत मद्धेशिया के डॉक्टर देखने के सपने को साकार किया है।
अंजर खान की माता शगुफ्ता याशमीन शिक्षिका हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा एम. शमीम मेमोरियल पब्लिक स्कूल, महपुर और इंटरमीडिएट की पढ़ाई सेक्रेड हर्ट पब्लिक स्कूल, सुरहुरपुर से की। दोनों छात्रों की सफलता पर परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दोनों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया।

Post a Comment