खड़िया नाला सफाई कार्य की जांच, धीमी प्रगति पर जिला गंगा समिति ने लिया जायजा
करहां (मऊ)। प्रदेश सरकार की एक जनपद-एक नदी योजना के तहत गाढ़ा ताल से निकलकर तमसा नदी तक जाने वाले करीब 9.2 किलोमीटर लंबे खड़िया नाला के सफाई एवं खुदाई कार्य का शनिवार को जिला गंगा समिति ने निरीक्षण किया। राधे बांध, खालिसपुर के पूर्वी छोर पर पहुंची टीम ने कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
क्षेत्रीय किसानों की शिकायत पर वन विभाग के डीपीओ हेमंत यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अवर अभियंता अखिलेश यादव तथा विभागीय मेठ सुरेश चौहान भी उपस्थित रहे। बताया गया कि पोकलेन (जेसीबी) मशीन से पिछले करीब 15 दिनों से कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है।
जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह ने अधिकारियों को बताया कि यदि बरसात से पहले नाले की सफाई और खुदाई का कार्य पूरा नहीं हुआ तो क्षेत्र के 31 गांवों के किसानों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष चक्रवाती बारिश के कारण जल निकासी बाधित होने से धान की तैयार फसल पानी में डूबकर नष्ट हो गई थी। वहीं जल निकासी न होने के कारण गेहूं, सरसों, चना, मसूर और मटर जैसी रबी फसलों की बुवाई भी प्रभावित हुई थी। इसका मुख्य कारण खड़िया नाले में खरपतवार और अवरोध होने से पानी का बहाव रुक जाना था।
निरीक्षण के दौरान जिला गंगा समिति के अधिकारियों ने मौजूद किसानों से जानकारी ली तथा मौके का वीडियो और फोटो भी तैयार किया। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इस दौरान जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह, मुस्तफाबाद के प्रधान बबलू सिंह, अरविंद सिंह, रमाशंकर राम, वीर बहादुर यादव, सूर्यनाथ सिंह, केदार सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।





Post a Comment