36 में 20 अमृत सरोवरों में पानी का दावा, कहीं पानी कहीं उड़ रही धूल
•कहीं उगी हैं झाड़-झंखाड़ तो कहीं पथवे का नहीं हो पाया कार्य
करहां (मऊ) : खिसक रहे भूगर्भीय जलस्तर में सुधार लाने को स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी का अमृत महोत्सव के तहत अमृत सरोवर योजना 24 अप्रैल 2022 को प्रारंभ की गई। जलसंरक्षण एवं जल स्रोतों के पुनरोत्थान के माध्यम से जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को मुहम्मदाबाद गोहना में 36 अमृत सरोवरों का निर्माण किया गया। इसमें 20 अमृत सरोवरों में विभाग द्वारा पानी होने का दावा किया जा रहा है जबकि कम जगह ही पानी और ज्यादा में धूल उड़ रही है। मऊ से प्रस्तुत है रिपोर्ट...
---------------
करहां : केंद्र सरकार द्वारा अप्रैल 2022 में अमृत सरोवर योजना शुरु की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य था कि गांव के सरोवर भविष्य में भूमिगत जल और सतह को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जनपद में पिछले तीन सालों में करीब 316 अमृत सरोवर की खोदाई की गई है। इसमें किसी में दस तो किसी में 21 लाख रुपये तक खर्च किया गया। करीब 32 करोड़ रुपये अधिक का खर्च किया गया है। इसके बावजूद अधिकांश सरोवर कहीं सूखे हैं तो कही झाड़ झंखाड़ में तब्दील हो गए हैं। मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड में कुल 36 अमृत सरोवरों की खोदाई की गई। विभाग का दावा है कि इसमें से सभी के निर्माण कार्य पूर्ण है। 20 सरोवरों में पानी है जबकि 16 सूखे हैं। इसकी वजह से जलसंचयन की मंशा पर पानी फिरता नजर आ रहा है। हिंडोला ग्राम पंचायत के अमृत सरोवर में पानी नहीं है। यहां पौधारोपण तो किया गया है लेकिन घास फूंस उग आयी है। इंटरलाकिंग और पथवे चारो तरफ है।
------------समय 11.00 बजे
मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के शमशाबाद अमृत सरोवर का निर्माण वर्ष 2023-24 में हुआ था। यहां बोर्ड भी लगाया गया है लेकिन बोर्ड पर व्यय धनराशि नहीं लिखी गई है। एक हेक्टेयर में अमृत सरोवर का निर्माण कार्य किया गया है। इस अमृत सरोवर में पानी है। एक तरफ पक्काघाट बना है जबकि अन्य तीन तरफ उसी तरह छोड़ दिया गया है। केवल एक तरफ ही पाथवे बनाया गया है।
-----------------समय 11.30 बजे
मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के खड़गिलिया के अमृत सरोवर में झाड़ झंखाड़ उग आए हैं। इसमें धूल उड़ रही है। एक तरफ इंटरलाकिंग बनी है। अन्य चारों तरफ पूरी तरह से घास उग आई है। पौधे भी नहीं लगाए गए हैं। इसकी वजह से जलसंरक्षण की मंशा पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
-------------समय 12.00 बजे
मुहम्मदाबाद गोहना के दरौरा के अमृत सरोवर में पानी दिखा। अमृत सरोवर पर एक तरफ पक्के घाट, झंडारोहण स्थल, कुर्सियां व लाइट लगी है लेकिन अन्य तीन तरफ पाथवे नहीं है। अमृत सरोवर के मत्स्य पालन के पट्टा कर दिया गया है। यहां हमेशा पानी भरा जाता है। इसके एक तरफ सीढ़ी है। अन्य तरफ खुला है। साफ-सफाई का भी ध्यान नहीं दिया गया है।
ब्लाक के 20 ग्राम पंचायतों में स्थित अमृत सरोवरों में पानी है। 16 में पानी नहीं है। यहां बारिश के पानी से भरना है। बारिश नहीं हो रही है। फिर भी प्रयास करके अमृत सरोवरों की स्थिति सुधारी जाएगी।
◆अरुण कुमार वर्मा, बीडीओ मुहम्मदाबाद गोहना








Post a Comment