Top News

राशन कोटेदारों का लाभांश बढ़कर हुआ 125 रुपये प्रति क्विंटल, मुहम्मदाबाद गोहना में हुआ सीधा प्रसारण

राशन कोटेदारों का लाभांश बढ़कर हुआ 125 रुपये प्रति क्विंटल, मुहम्मदाबाद गोहना में हुआ सीधा प्रसारण

करहां (मऊ) : प्रदेश के राशन कोटेदारों के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी सौगात की घोषणा की। लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से मुख्यमंत्री ने प्रदेश के करीब 80 हजार उचित दर विक्रेताओं को संबोधित करते हुए उनके लाभांश को 90 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल करने की घोषणा की। इस दौरान ई-पास आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक सभागार में किया गया।

ब्लाक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एमएलसी विक्रांत सिंह रिशु तथा विशिष्ट अतिथि छोटू प्रसाद रहे। इस दौरान भाजपा नेता त्रिभुवन प्रसाद, पीडी सुबास चंद्र सरोज, बीडीओ अरुण कुमार वर्मा व रमाकांत, रानीपुर व मुहम्मदाबाद गोहना के पूर्ति विभाग से जुड़े अधिकारी  विनोद अग्रहरि, आशीष सिंह, कोटेदार संघ के अध्यक्ष अशोक सिंह और प्रदेश सचिव अतिकुरहमान सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला भाजपा उपाध्यक्ष रामसरन चौहान ने किया।

बता दें कि लखनऊ के लोक भवन सभागार से मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 203 विधानसभाओं के करीब 80 हजार कोटेदारों को लाइव संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लाभांश बढ़ाए जाने से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन में सुविधा होगी। नई ई-पास आधारित फीडबैक व्यवस्था से राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और बेहतर समन्वय को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की इस बढ़ोतरी को कोटेदारों ने लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के रुप में देखा। कार्यक्रम में मौजूद कोटेदारों ने इसे सरकार की ओर से मिलने वाला महत्वपूर्ण उपहार बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। इससे जिले के उचित दर विक्रेताओं में भी उत्साह का माहौल रहा।



Post a Comment

Previous Post Next Post